चरखी दादरी। राशन कार्ड बनवाने के लिए बंद पोर्टल को खुलवाने के लिए अब विभाग ने हैड ऑफिस में पत्र लिखा है। ऐसे में 11 माह से बंद नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब शुरू होने की उम्मीद जगी है। विभाग अधिकारियों ने लोगों की मांग एवं जरूरत को देखते हुए हेड ऑफिस को पत्र लिखा है। सरकार ने परिवार पहचान पत्र से राशन कार्ड का डाटा मिलाने के लिए गत फरवरी से पोर्टल बंद कर रखा है। लोग नया राशन कार्ड बनवाने, नाम कटवाने व जुड़वाने के लिए आए दिन कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। सरकार ने परिवार पहचान पत्र से राशन कार्ड का मिलान करने के लिए यह पोर्टल फरवरी माह में दो माह के लिए बंद करवाया था।
सरकार ने 14 साल बाद प्रदेश में एपीएल यानी सामान्य वर्ग के राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया गत वर्ष शुरू की थी। यह प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू की गई थी। परिवार पहचान पत्र का राशन कार्ड से मिलान के लिए सरकार ने फरवरी में राशन कार्ड बनवाने का पोर्टल बंद किया था। यह दो माह के लिए बंद किया था, लेकिन अब तक पोर्टल नहीं खोला जा सका है। पोर्टल बंद होने से नए राशन कार्ड बनवाने, नया नाम जुड़वाने व कटवाने के लिए लोगों को परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं, जिन लोगों ने अब यह राशन कार्ड बनवाया ही नहीं है वे भी परेशान हैं। राशन कार्ड की कई सरकारी कार्यालयों में दस्तावेज के रूप में जरूरत पड़ती है।
विदित रहे आज से करीब 20 साल पहले सामान्य वर्ग के एपीएल राशन कार्डधारकों को सस्ते रेट पर प्रति माह चीनी, चावल व गेहूं मिलता था लेकिन अब सामान्य वर्ग को राशन कार्ड से राशन नहीं मिलता है। पोर्टल खुलवाने के लिए अब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने हैड ऑफिस पत्र लिखा है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने सरकार से राशन कार्ड का पोर्टल जल्द खुलवाने की मांग की है ताकि उनकी दिक्कतें दूर हो सकें।
वर्जन::::
राशन कार्ड बनवाने का पोर्टल फिलहाल बंद है। हैड ऑफिस को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही पोर्टल खुलने की उम्मीद है।
- इंस्पेक्टर मनफूल सिंह, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग।