बैठक में मौजूद अतिथि व पदाधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। भाजपा के दादरी स्थित जिला कार्यालय में शनिवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में होने वाले राज्यस्तरीय संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एससी मोर्चा व जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर ने की, जबकि पूर्व मंत्री बिशंबर वाल्मीकि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर ने कहा कि गुरु रविदास ने अपने जीवन से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी हमें सामाजिक समरसता और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान के साथ मुख्यधारा से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व मंत्री बिशंबर वाल्मीकि ने कहा कि 31 जनवरी को उमरी में होने वाला राज्य स्तरीय समारोह सामाजिक समरसता, एकता और संगठनात्मक मजबूती का सशक्त प्रतीक बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने का निमंत्रण दिया।
बैठक में एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष बलराज खरेरा, नेश शास्त्री मोर्चा जिला प्रभारी, तेजपाल चौहान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री राष्ट्रदीप परमार एवं रविंद्र शिलगर, जिला कोषाध्यक्ष एवं संत गुरु रविदास जयंती जिला सह-संयोजक किदार नाथ सरोहा आदि भी मौजूद रहे।