संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी के सुभाष चौक स्थित गुरुद्वारा में गुरु नानक देव का 556वां प्रकाश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में संगत की ओर से रविवार को शहर में प्रभातफेरी निकाली गई।
प्रभातफेरी सुभाष चौक स्थित गुरुद्वारा से शुरू होकर पाहवा चौक, श्री हनुमान मंदिर, बाबा रामदास नगर, झज्जर घाटी, पुराना डाक खाना, हीरा चौक, गोशाला मोहल्ला, खटिकान धर्मशाला मार्ग से गुजरी और भालोठिया मोहल्ला में वीना वधवा के निवास स्थान पर लंगर प्रसाद के साथ संपन्न हुई। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि उत्सव की कड़ी में सोमवार को दादरी के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सुबह 11 बजे से लंगर प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं, चार नवंबर को सायं सात बजे गुरुद्वारा में संगत की ओर से दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। पांच नवंबर को सुबह नौ बजे सप्ताह पाठ का भोग तथा सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक गुरुवाणी कीर्तन होगा।
दोपहर एक बजे सुभाष चौक स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में लंगर प्रसाद खिलाया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इन कार्यक्रमों में भाग लेने और लंगर सेवा में शामिल होने की अपील की है।