चरखी दादरी। दादरी के फोरलेन रोड पर बाजार के बीच बना बस स्टैंड वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मुख्य सड़क के साथ बने गेट से बसों के बाहर निकलने और अंदर जाते समय वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है।
इस समस्या के समाधान के लिए बस स्टैंड को शिफ्ट करने की मांग भी उठती रही है लेकिन सही जगह का चयन न होने से शिफ्टिंग का काम लटका हुआ है। स्थानीय वाहन चालकों ने प्रशासन से बस स्टैंड को शहर के बाहर शिफ्ट करने की मांग की है ताकि शहर में लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सके।
विज्ञापन
दादरी का बस स्टैंड बाजार के बीच में बना हुआ है। विभिन्न रूटों पर जाने वाली सभी बसें बाजार के बीच से गुजरती हैं। इसके कारण मुख्य द्वार व सड़क के बीच जाम की स्थिति बनी रहती है। अधिकतर जाम का कारण बसों के परिसर के अंदर व बाहर निकलने के कारण लगते हैं।
वजह यह है कि करीब 50 साल पहले बने बस स्टैंड और वर्कशॉप को एक साथ बनाया गया है। बस स्टैंड के सामने बनीं दो सड़कों के बीच डिवाइडर भी बनाया गया है। बसों के बाहर निकलते समय बसें डिवाइडर के करीब से गुजरती हैं। ऐसे में बसों को यहां से गुजरने में समय लगता है। व्यस्त सड़क होने सेकुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
दादरी रोडवेज डिपो के अधिकारी बस स्टैंड को शिफ्ट करने के लिए गांव समसपुर और गांव कलियाणा की जमीन का निरीक्षण भी कर चुके हैं लेकिन उपयुक्त जगह न होने के कारण यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी।