लड़कों में विकास और लड़कियों में प्रतिभा दौड़ी सबसे तेज
लड़कों की 5000 मीटर दौड़ में विकास और लड़कियों की 400 मीटर दौड़ में प्रतिभा बनी विजेता
जनता कॉलेज की दो दिवसीय वार्षिक खेल स्पर्धा का शुक्रवार से हुआ शुभारंभ, 17 स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चरखी दादरी। जनता महाविद्यालय की दो दिवसीय 41वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को बलिदान स्मारक स्टेडियम में शुभारंभ किया गया। लड़कों की 5000 मीटर दौड़ में विकास और लड़कियों की 400 मीटर दौड़ में प्रतिभा विजेता बनीं।
डॉ. एमके जैन ने बताया कि आयोजन सचिव डॉ. भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने 17 प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. रवींद्रपाल अहलावत ने शिरकत करते हुए मार्चपास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रोफेसर रवींद्रपाल अहलावत ने खिलाड़ियों को खेल भावना समाहित दृष्टिकोण को अपनाते हुए खेलों में भाग लेने की प्रेरणा दी और कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रबंधकीय क्षमता को विकसित कर सकता है जो वर्तमान कॉरपोरेट जगत की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि कुमारी उन्नति हुड्डा और उनके पिता उपकार हुड्डा ने विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई को भी प्राथमिकता देने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर वरिष्ठ कोच प्रोफेसर प्रवेश काद्यान ने प्रत्येक खेल की बारीकियों को सीखने की प्रवृत्ति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। अमित सांगवान और कुमारी पिंकी ने मार्चपास्ट का नेतृत्व किया और खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलवाई।
समारोह दौरान अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले कॉलेज के खिलाड़ी विकास, सचिन, अमित सांगवान, पिंकी को मुख्य अतिथि प्रोफेसर रवींद्रपाल अहलावत ने अपनी ओर से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह ने की और कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों का बड़ी संख्या में खेलों में भाग लेना अच्छा संकेत है। समारोह दौरान वाणिज्य विभाग में स्थापित हाबी क्लब, एनसीसी, एनएसएस के सदस्यों द्वारा जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल श्रम, पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स समिति से संयोजक भूपेंद्र, डॉ. सुनीता, डॉ. सुशील बंसल, डॉ. जितेंद्र कुमार, रामसिंह बलकरा, डॉ. सुभाष जैन, आईसी जैन, पूर्व प्रवक्ता कमल नयन, प्रो. नीना बंसल,र डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. नीरज गर्ग, डॉ. शमीना, डॉ. विपिन पाल, डॉ. राजकुमार गर्ग, डॉ. जयवीर सिंह, मोहन गुप्ता, संजीव कुमार, नरेश कुमार, बिजेंद्र गोयल, राकेश कुमार, नवीन यादव आदि ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
छात्राओं के वर्ग में ये बनीं विजेता महिला वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्रतिभा ने प्रथम, पिंकी ने दूसरा और रेनू ने तीसरा स्थान हासिल किया। जेवलिन थ्रो में शिखा ने पहला, सुमन ने दूसरा और लक्ष्मी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक स्पर्धा में शिखा विजेता बनी जबकि निशा ने दूसरा और पूजा ने तीसरा स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में वर्षा, पूजा व ज्योति ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में प्रतिभा प्रथम, प्रिया द्वितीय व आशा तीसरे स्थान पर रही।
छात्र वर्ग में इन्होंने मारी बाजी
पुरुष वर्ग में 400 मीटर दौड़ में आशीष ने प्रथम, दीपक ने दूसरा और शिवम ने तीसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में विकास विजेता बना जबकि रोहित ने दूसरा और दीपक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 5000 मीटर दौड़ में विकास प्रथम, मनीष द्वितीय व सचिव तृतीय स्थान पर रहा। गोला फेंक में अमित, चेतन व आर्यन ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में दीपक प्रथम, रोहित दूसरे व वासुदेव तीसरे स्थान पर रहा। ट्रिपल जंप में दीपक प्रथम, हिमांशु सैनी द्वितीय व विकास तीसरे स्थान पर रहा। डिस्कस थ्रो में अमित ने प्रथम व चेतन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
---