पुलिस गिरफ्त में मोटर चोरी का आरोपी।
- फोटो : CharkhiDadri
झोझूकलां। मैहड़ा में लोहारु नहर के समीप से मोनोब्लॉक मोटर चोरी करने के मामले में झोझू कलां पुलिस ने चौथे आरोपी को बस अड्डे पर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान काकड़ौली निवासी लतीफ के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया और पूछताछ के दौरान उसने वारदात कबूल ली। इस मामले में पुलिस एक महिला समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि मैहड़ा निवासी राजेंद्र ने झोझूकलां थाने में गत 19 जून को एक शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 18 जून की रात अज्ञात व्यक्ति उसके और अन्य किसानों के खेतों में लगीं छह मोटरें चोरी कर ले गए। इस आधार पर झोझूकलां थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि चौथे आरोपी लतीफ को अब काबू कर लिया।