सांसद धर्मबीर सिंह ने बुधवार को छह गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही दादरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इसी कड़ी में आगामी नवंबर माह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेवाड़ी में एआईआईएमएस की आधारशिला रखने जा रहे हैं। इस अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के बन जाने से चरखी दादरी क्षेत्र के लोगों को भी काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं अहम होती हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है और लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पूरे हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि आगामी नवंबर माह में रेवाड़ी में एक और एआईआईएमएस संस्थान का निर्माण शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाने के अपने निर्णय पर कृतसंकल्प है और इसी कड़ी में दादरी में भी मेडिकल काॅलेज का निर्माण होना है। इस परियोजना को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर मेडिकल काॅलेज का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
बाढड़ा क्षेत्र के कई इलाकों में पानी की कमी
सांसद ने कहा कि प्रदेश में खेती करने वालों की संख्या अधिक है। ऐसे में सरकार की ओर से पिछले काफी समय से खेती में लागत को कम करके आमदनी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है किसानों के लिए सरकार नई योजनाएं लाकर उनको फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि बाढड़ा क्षेत्र में कई इलाके ऐसे हैं जहां फसलों के लिए पानी की कमी है और खेतों में नहरी पानी नहीं लगता है। ऐसे किसानों को पानी उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की ओर से एमआईकाडा विभाग के माध्यम से योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत कम से कम 12.5 एकड़ जमीन को पानी उपलब्ध करवाने के लिए किसान आवेदन कर सकते हैं।
इन गांवों में सुनीं समस्याएं
बुधवार को सांसद ने जिला के डोहका, हड़ाेदी, बिलावल, पिचौपा कलां, द्वारका और डांडमा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों के द्वारा गांवों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही करने की कोशिश की जा रही है।
ये रहे मौजूद
इस दौरान जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास, सहकारी समिति के चेयरमैन सुधीर चांदवास, सीईओ जिला परिषद प्रदीप कौशिक, एसडीएम सुरेश कुमार व नवीन कुमार सहित बिजली, सिंचाई, कृषि, समाज कल्याण आदि विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।