नाइट कर्फ्यू की अवहेलना करने पर पांच गिरफ्तार, महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
आरोपियों को अलग-अलग जगहों से किया काबू, पांचों के खिलाफ बौंदकलां थाने में दर्ज हुआ केस
बौंदकलां (चरखी दादरी)। नववर्ष पर नाइट कर्फ्यू की अवहेलना करने पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग जगहों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपी सांवड़ के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ बौंदकलां थाने में महामारी और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस टीम धारेडू-कासनी रोड पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम को तीन युवक बीच सड़क झगड़ा करते नजर आए। पुलिस टीम उनके पास पहुंची और पूछताछ करने पर उनके शराब का सेवन करने का शक हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों को काबू कर लिया और अस्पताल में मेडिकल करवाने पर उनके शराब का सेवन करने की पुष्टि की है। तीनों की पहचान सांवड़ निवासी रामफल, दिनेश और सोनू के रूप में हुई। उनके खिलाफ बौंदकलां थाने में धारा-188 और 160 के तहत केस दर्ज किया गया।
प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि बौंदकलां थाने की दूसरी टीम ने सांवड़-झिंझर रोड से भी एक व्यक्ति को नाइट कर्फ्यू की अवेह्लना करने पर गिरफ्तार किया है। सांवड़ निवासी आरोपी भी सुधीर का सेवन किए मिला। मेडिकल में इसकी पुष्टि होने पर उसके खिलाफ भी बौंदकलां थाने में महामारी और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस की तीसरी टीम ने सांवड़-हिंडोल टीम प्वाइंट से पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सांवड़ निवासी कृष्ण के रूप में हुई और उसके खिलाफ भी महामारी और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। संवाद