फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरखी दादरी: छह सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू लोकशक्ति ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को दिखाए काले झंडे

Fri, 11 Feb 2022 07:53 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)

सार

निमंत्रण मिलने के बाद बातचीत के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल डिप्टी सीएम के पास पहुंचा, लेकिन मुलाकात न होने पर धरना देकर रोष जताया। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बावजूद प्रदर्शनकारी रेस्ट हाउस के समीप पहुंचने में कामयाब रहे।
विज्ञापन
सड़क के एकतरफ से गुजरती डिप्टी सीएम की गाड़ी और दूसरी तरफ खड़े होकर काले झंडे दिखाते प्रदर्शनकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के चरखी दादरी में छह सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को दादरी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को काले झंडे दिखाए। प्रदर्शनकारी कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच भी डिप्टी सीएम का विरोध करने में कामयाब रहे। हालांकि पुलिस ने उन्हें सड़क के एकतरफ रोके रखा और डिप्टी सीएम का काफिला सड़क की दूसरी ओर से गुजरा। वहीं, निमंत्रण मिलने के बाद डिप्टी सीएम से मिलने पहुंचे प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात न होने पर भी रोष जताया।

विज्ञापन


भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने दो दिन पहले ही डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के दादरी आगमन पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी थी। इसके मद्देनजर शुक्रवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। इसके बावजूद सुबह 11 बजे प्रदर्शनकारी शहर के मातृ-शिशु अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और वहां से साढ़े 11 बजे रेस्ट हाउस के लिए कूच कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने परशुराम चौक के समीप लगाए गए बैरिकेड्स पर रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस को गच्चा देते हुए एक-एक कर गलियों से गुजरकर रोहतक चौक पार गए। पुलिस ने उन्हें रेस्ट हाउस से पहले सदर थाने के सामने रोक लिया और पुलिस की तरफ से डिप्टी सीएम से मुलाकात करने के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को रेस्ट हाउस परिसर भेजा गया।
विज्ञापन


भाकियू लोकशक्ति प्रदेश अध्यक्ष जगबीर घसोला ने बताया कि 30 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी डिप्टी सीएम प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिले और वो रेस्ट हाउस से बाहर आकर रोहतक रोड के समीप धरने पर बैठ गए। करीब तीन बजे डिप्टी सीएम वहां से गुजरे और उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। हालांकि पुलिस कर्मी सुरक्षा घेरा बनाकर प्रदर्शनकारियों के आगे अड़े रहे और उन्हें सड़क पार नहीं करने दी। डिप्टी सीएम का काफिला गुजरने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से चले गए।

इन मांगों को लेकर किया डिप्टी सीएम दुष्यंत का विरोध
1-खरीफ सीजन में जलभराव से नष्ट हुई फसलों का प्रशासन व सरकार ने मुआवजा नहीं दिया।
2- रबी सीजन में बेमौसमी बारिश से बर्बाद फसलों की आश्वासन के बाद भी स्पेशल गिरदावरी नहीं की गई। 
3- बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी में 15 दिन पानी छोड़कर 20 गांवों को पेयजल संकट से निजात दिलाई जाए।
4- कृषि कार्य से जुड़े श्रमिकों को फसल खराब होने से मजदूरी नहीं मिल पाई। इन्हें 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाए। 
5- दादरी शहर में सीवर व्यवस्था को सुचारू रूप से दुरुस्त किया जाए और गंदे पानी के निकासी के पुख्ता प्रबंध हो। 
6- 2010, 2012, 2015, 2018 और 2020 का बकाया मुआवजा किसानों को जल्द से जल्द दिया जाए।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल
हिसार से कुलदीप पुनिया, रामवीर ढांडा, हवासिंह झाझरिया, विजय जागलान, संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेश महासचिव दिलबाग हुड्डा, तोशाम से राजेश कुमार, नरेंद्र रांगी, रणबीर फौजी, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल से जयभगवान मस्ताना, भाकियू युवा जिला अध्यक्ष सीटू मैहड़ा, जिला प्रभारी यादवेंद्र डुडी, धर्मचंद आदि ने भाग लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें