बाढड़ा। बिजली निगम की ओर से सिंचाई क्षेत्र में प्रयुक्त होने वाले ट्रांसफार्मर खराब होने पर शुल्क वसूलने के विरोध में किसानों ने 29 फरवरी को जिलास्तरीय बैठक बुलाई है। भाकियू की अगुवाई में होने वाली बैठक में सरसों की फसल की स्पेशल गिरदावरी की भी मांग की जाएगी।
भाकियू के जिला अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा ने बताया कि बिजली निगम ने कृषि क्षेत्र के ट्रांसफार्मरों के खराब होने व गारंटी योजना वाले उपकरणों पर 20 फीसदी व बिना गारंटी वाले उपकरणों पर 10 फीसदी राशि खुद किसान उपभोक्ता से वसूलने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान किसानों ने इस निर्णय के विरोध में रोष जताया।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। किसान पर प्राकृतिक मार के चलते सरसों की फसलें तबाह हो गई हैं। सरसों में मरगोजे व फंगस की मार के कारण नुकसान हुआ है। किसानों ने महंगे भाव के खाद व बीज इस्तेमाल कर फसल बोई, अब प्राकृतिक आपदा के कारण फसल तबाही की कगार पर पहुंच गई हैं।
हरपाल ने जिला प्रशासन से अविलंब प्रभावित फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवा किसानों के नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है। उन्होंने किसानों से 29 फरवरी को होने वाली किसान संगठनों की बैठक में भाग लेने की अपील की है। इस मौके पर भूप सिंह दलाल, पूर्व सरपंच सीताराम शर्मा, पूर्व सरपंच गिरधारी मोद, ओमप्रकाश उमरवास, सतबीर, रामअवतार लाड, कमल हड़ौदी, नत्थूराम, ईश्वर सिंह, करण सिंह, जोरावर, धर्मपाल बाढड़ा, करतार कारी, विनोद कुमार, हवासिंह आदि मौजूद रहे।