चरखी दादरी। बढ़ती महंगाई को लेकर एमसी कॉलोनी में लोगों नेे नारेबाजी की। किसान नेता राजू मान की अगुवाई में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने खाली सिलिंडर, साइकिल, स्कूटी खड़ी के साथ रोष जाहिर किया।
इस मौके पर किसान नेता राजू मान ने कहा कि पिछले 10 दिन में नौ बार पेट्रोलियम उत्पादों में छह रुपये 40 पैसे की वृद्धि हुई है, जिसने आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों के नतीजे आने के बाद केंद्र सरकार अपने असली रंग में आ गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की शह पर ही तेल कंपनियां जनता का तेल निकालने पर तुली हैं। उन्होंने कहा कि तेल और गैस सिलिंडर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से बाकी घरेलू सामान की कीमतों में भी तेजी आई है जिससे आम जनता के लिए गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्ग की जेब खाली कर पूंजीपतियों के हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बना रही है। राजू मान ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीयत में खोट नहीं होता तो वेट और एक्साइज में कमी करके जनता को राहत देती। इस अवसर पर अजीत सिंह, महेंद्र सिंह पहल, अजय सांगवान, सोनू श्योराण, शांति देवी, सुमित्रा देवी, सुशीला डूडी, सुनीता, अनीता, प्रीति, मंजू, गुड्डी देवी, संजू, सीमा देवी, सुमित श्योराण, विकास, अमन आदि मौजूद थे।