एसडीएम के समक्ष बयान दर्ज करवाता आरोपी ग्राम सचिव मुकेश।
- फोटो : CharkhiDadri
बाढड़ा (चरखी दादरी)। खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी कार्यालय में हुए करीब 1.59 करोड़ रुपये के गबन मामले में बुधवार को एसडीएम संजय कुमार ने बीडीपीओ रोशन लाल व आरोपी ग्राम सचिव मुकेश के बयान दर्ज किए। बुधवार को दोनों एसडीएम कार्यालय में पहुंचे, जिसके बाद बंद कमरे में उनके बयान दर्ज किए गए। अब तक की जांच में सामने आया है कि खंड कार्यालय की लेखा शाखा का काफी रिकॉर्ड अधूरा है और इसके चलते बीडीपीओ रोशनलाल ने सात तत्कालीन अधिकारी और कर्मचारियों को पत्र लिखा है।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उपायुक्त के आदेशानुसार गबन मामले में बुधवार को सुनवाई की गई। बीडीपीओ रोशनलाल व आरोपी ग्राम सचिव मुकेश दोपहर करीब एक बजे कार्यालय में पहुंचे। करीब एक घंटे तक दोनों के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए। बीडीपीओ ने एसडीएम के समक्ष रिकॉर्ड की जांच में मिली अनियमितताएं भी रखीं। बीडीपीओ ने बताया कि रिकॉर्ड का अवलोकन करने पर पाया गया कि लेखा शाखा का काफी रिकॉर्ड अधूरा है। इसके अलावा करोड़ों के लेनदेन का कार्यालय में कोई रिकॉर्ड ही नहीं मिला है। इस संबंध में बीडीपीओ ने बाढड़ा के सात तत्कालीन अधिकारियों व कर्मचारियों को पत्र लिखकर रिकॉर्ड मुहैया करवाने की बात भी कही है। ऐसा न करने की सूरत में उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन तत्कालीन बीडीपीओ को लिखा पत्र
बीडीपीओ रोशनलाल ने लेखा शाखा का रिकॉर्ड पूरा करवाने के लिए सतनाली बीडीपीओ नरेंद्र ढुल, सांपला बीडीपीओ सुमित कुमार, रिटायर्ड बीडीपीओ देशबंधु, झोझू ग्राम सचिव राजेश, महेंद्रगढ़ में तैनात लिपिक महेश, रेवाड़ी कार्यालय में तैनात लेखाकार सुरेंद्र सिंह और आदमपुर कार्यालय में तैनात लेखाकार मोहनलाल को पत्र भेजा है। इसमें उन्हें 21 मार्च को सुबह दस बजे बाढड़ा कार्यालय में हाजिर होकर अधूरा रिकॉर्ड को पूरा करवाने करने के निर्देश दिए गए हैं।