खरीद के एक साल तक नप कार्यालय में खड़ीं आठ ई-रिक्शा को नगर परिषद ने सड़कों पर उतारने की तैयार कर ली है। सचिव के आदेशों पर सेनेटरी शाखा ने इन ई-रिक्शा के लिए रूट प्लान तैयार कर लिया है। अगले सोमवार से इन्हें सड़कों पर उतारा जाएगा और डीसी शिवप्रसाद शर्मा इनको हरी झंडी दिखाएंगे। रूट प्लान की खास बात यह है कि तंग गलियों वाले बाजारों को भी कवर किया गया है और प्रत्येक एक घंटे बाद मार्केट में ई-रिक्शा कचरे का उठान करने पहुंचेंगी। अमर उजाला ने गत 23 अगस्त के संस्करण में नप कार्यालय में खड़ीं ई-रिक्शा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद नप अधिकारी हरकत में आए।
बता दें कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर परिषद ने गत अक्तूबर माह में 20 लाख के बजट से 20 ई-रिक्शा खरीदी थी। इनमें से 12 ई-रिक्शा तो चार माह पहले सड़कों पर उतार दी गई थीं, लेकिन आठ ई-रिक्शा एक साल भी नगर परिषद कार्यालय में ही खड़ी हुई हैं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को गत 23 अगस्त के संस्करण में प्रमुखता से उठाया था। अमर उजाला ने नप: कचरा उठाने के लिए सालभर पहले खरीदे गए 20 में से आठ ई-रिक्शा खड़े-खड़े हो रहे कंडम नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद सचिव प्रशांत पराशर ने सेनेटरी शाखा से इसकी रिपोर्ट तलब की। उन्होंने तुरंत नप कार्यालय में खड़ीं आठ ई-रिक्शा का रूट प्लान तैयार करने के आदेश भी 22 अगस्त को जारी किए थे।
नगर परिषद सचिव प्रशांत पराशर ने बताया कि सीएसआई राजकुमार ने उन्हे रूट प्लान सौंप दिया है। इसके तहत तीन ई-रिक्शा लोहारू चौक से लेकर लाला लाजपतराय चौक तक और दो ई-रिक्शा रोहतक रोड पर चलाई जाएंगी। बाजार की तंग गलियों से भी ये ई-रिक्शा कचरे का उठान करेंगे। तीन ई-रिक्शा को डिमांड के मुताबिक वार्डों में भेजा जाएगा।
पंक्चर टायर और फटी सीटें ठीक कराने के दिए आदेश
पिछले एक साल से नप कार्यालय में खड़ीं ई-रिक्शा कंडम भी हो रही थी। कुछ ई-रिक्शा के टायर पंक्चर हो चुके हैं जबकि कुछ की सीट फटी हुई है। सेनेटरी शाखा को अगले दो से तीन दिन में ई-रिक्शा की खामियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
नप सचिव प्रशांत पराशर से रूट प्लान को लेकर सवाल-जवाब
सवाल: क्या आठ ई-रिक्शा का रूट प्लान तैयार हो गया है?
जवाब: सेनेटरी शाखा ने रूट प्लान तैयार कर लिया है और सोमवार तक ई-रिक्शा को सड़कों पर उतार दिया जाएगा।
सवाल: किन रूटों पर ई-रिक्शा चलाई जाएंगी?
जवाब: शहर के लोहारू रोड, रोहतक रोड और कोर्ट रोड पर ई-रिक्शा चलाएंगे। कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
सवाल: क्या तंग गलियों वाले बाजारों में भी ई-रिक्शा कचरे का उठान करेंगी?
जवाब: पांच ई-रिक्शा बाजारों और मुख्यमार्गों से कचरे का उठान करेंगे और तीन डिमांड अनुसार वार्ड में भेजी जाएंगी।
सवाल: सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए और क्या प्रयास किए जा रहे हैं?
जवाब: हम निरंतर सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयासरत्त हैं। जल्द ही सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था में सुधार हम कर देंगे।