चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर के रावलधी चौक के पास रोहतक रोड पर भरे दूषित पानी की निकासी करवा दी है। वहीं, जलभराव की समस्या खत्म होने से अब वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिली है। अमर उजाला ने एक फरवरी के संस्करण में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
पिछले करीब एक सप्ताह से शहर के रावलधी चौक के पास मुख्य रोहतक रोड पर सीवर का दूषित पानी भरा हुआ था। करीब 50 मीटर की दूरी में सड़क पर भरे से एक से डेढ़ फुट पानी के चलते वाहन चालकों समेत राहगीरों और स्थानीय लोगों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा था।
लोगों की परेशानियों को देखते हुए अमर उजाला ने एक फरवरी के संस्करण में रोहतक रोड पर भरा दूषित पानी, लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित कर समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और अधिकारियों ने जैटिंग मशीन व ट्रैक्टरों के जरिये पानी का उठान करवाया। यहां के पानी को दूसरे सीवर मैनहोल तक पहुंचाकर सीवर लाइन के जरिये एसटीपी तक भेजा गया और जलभराव की समस्या खत्म होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।