काठमंडी स्थित कन्या स्कूल के पास सड़क पर भरे पानी से बचने के लिए किनारे से गुजरतीं छात्राएं।
चरखी दादरी। शहर में इन दिनों सीवर व्यवस्था चरमराई है। इससे गलियों और मुख्य सड़कों पर भरा दूषित पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना है। परेशान लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। कुछ क्षेत्रों में छह माह बाद भी हालात नहीं बदले हैं। मजबूरीवश लोगों ने आवागमन का रास्ता ही बदल लिया है।
जनस्वास्थ्य विभाग शहर की सीवर समस्याओं का स्थायी समाधान करने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर ज्यादा सुधार नजर नहीं आया है। सीवर समस्या से परेशान लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार शिकायत करने के बाद खानापूर्ति की जा रही है और उन्हें हर दूसरे दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ब्लॉकेज खोलने के नाम पर कर्मचारी मैनहोल में फट्टी लगाकर चले जाते हैं। एक या दो दिन बाद समस्या फिर से बन जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या पर संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग की है ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और दुर्गंध से भी निजात मिले।