चरखी दादरी। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वीरवार को सरदार झाडू सिंह चौक समीप स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में बनी जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षा विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समस्या का स्थायी समाधान करवाने के लिए चार दिसंबर को चंडीगढ़ तलब किया है। दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर रैन स्ट्रॉम वाटर डिस्पोजल सिस्टम इस समस्या का स्थायी समाधान है तो तुरंत प्रभाव से इसे सिरे चढ़ाया जाए। वहीं, उप मुख्यमंत्री ने रेस्ट हाउस के पुराने भवन में जिला लाइब्रेरी शुरू करवाने के निर्देश भी प्रशासन को दिए।
वीरवार दोपहर करीब एक बजे उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला दादरी रेस्ट हाउस परिसर में पहुंचे। करीब एक घंटे 45 मिनट तक वो यहां रुके और उस दौरान जजपा के तीसरे स्थापना दिवस पर नौ दिसंबर को झज्जर में होने वाली जन सरोकार दिवस रैली को सफल बनाने के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद उन्होंने दस मिनट तक बंद कमरे में डीसी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और इसके बाद प्रेसवार्ता की। इस दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए स्वास्थ्य सेवाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के सवालों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी अभी नया जिला है और आने वाले समय में इन तमाम कमियों को दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी दादरी के लिए मेडिकल कॉलेज की घोषणा होनी बाकी है। इसके अलावा सरकार की योजना है कि यहां आर्म्स फोर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी खोला जाए।
रेस्ट हाउस से निकलने के बाद उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के साथ सीधे शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पहुंचे। इस दौरान डीसी प्रदीप गोदारा के अलावा जनस्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीईओ जयप्रकाश संभ्रवाल और प्राचार्य सुरेश यादव ने बताया कि मॉडल संस्कृति स्कूल में जलभराव की समस्या पिछले कई वर्षों से है। समस्या के समाधान के लिए विभाग कई दफा पत्राचार भी कर चुका है, लेकिन अब भी हालात जस के तस है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इस पर जवाब मांगे। एक्सईएन दलबीर सिंह दलाल ने बताया कि स्ट्रॉ वाटर डिस्पोजल सिस्टम इस समस्या का स्थायी समाधान है। इस तर्क पर उप मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चार दिसंबर को फाइल लेकर चंडीगढ़ पहुंचने के निर्देश दिए।
- डिस्पोजल सिस्टम के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को चाहिए जगह
एक्सईएन दलबीर सिंह दलाल ने बताया कि स्ट्रॉ वाटर डिस्पोजल सिस्टम का आकार 30 बाई 30 का होगा। इसके अलाव गहराई 12 फुट रहेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए जगह की आवश्यकता है। शिक्षा विभाग के जगह मुहैया करवाते ही एस्टिमेट तैयार कर दिया जाएगा। जलभराव की समस्या का ये ही स्थायी समाधान है।
- 19वीं शताब्दी में बना डोरोथी विला अब बनेगा जिला लाइब्रेरी
दादरी में 19वीं शताब्दी में डोरोथी विला का निर्माण हुआ था। इसे विला के भवन को अब पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से अब रेस्ट हाउस के नए भवन का निर्माण करवाया जा चुका है। इसे देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पुराने भवन में जिला लाइब्रेरी का संचालन शुरू करवाने के भी निर्देश दिए।
---