चरखी दादरी। शहर के चरखी दरवाजा क्षेत्र में बार-बार ठप होने वाली सीवर लाइन का अब स्थायी तौर पर समाधान हो जाएगा। विभाग ने इसके लिए करीब एक किलोमीटर लंबी नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। यह लाइन चरखी दरवाजा से सिविल अस्पताल डिस्पोजल तक बिछाई जाएगी। वार्डवासी लंबे समय से इस लाइन की मांग कर रहे थे और नवनिर्वाचित पार्षद सतबीर चौहान ने भी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों समेत एसडीएम और डीसी को समस्या से अवगत कराया था।
इस क्षेत्र में सीवर का सबसे ज्यादा एवं पुरानी समस्या का अब समाधान होने जा रहा है। इस वजह से पानी रामनगर एसटीपी तक नहीं पहुंच पा रहा था। गत मानसून सीजन में इस क्षेत्र में करीब दो माह तक जलभराव बना रहा, जिससे लोगों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ी। शहर में सीवर की समस्या का लंबे समय से स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। गत मानसून बारिश में जिले में 563 एमएम बारिश हुई थी, जिससे करीब दो माह तक शहर के नीचले भागों में स्थित आवासीय बस्तियों में पानी भरा रहा और लोगों को बेहद दिक्कतें झेलनी पड़ी थी।
कीकरवासनी क्षेत्र में हनुमान मंदिर भी स्थित है। मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पूजा करने जाते हैं। मानसून की बारिश के दौरान जलभराव होने पर भक्तों को पानी से गुजरकर मंदिर जाना पड़ता था।
अब जनस्वास्थ्य विभाग ने इसके स्थायी समाधान पर काम शुरू कर दिया है ताकि आने वाले मानसून में पुख्ता प्रबंध हो सके। विभाग ने इसके लिए काम शुरू कर दिया है। इसके तहत पौने एक किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जा रही है, ताकि स्थायी तौर पर समाधान हो जाए। यह लाइन बिछने के बाद पानी की इस क्षेत्र से निकासी आसान हो जाएगी। सीवर लाइनें बैक नहीं मारेंगी।
डिस्पोजल बनाने के लिए मंजूरी का इंतजार -
विभाग इस क्षेत्र में एक डिस्पोजल बनाने की प्लानिंग पर भी तेजी से काम कर रहा है। इसके लिए एस्टीमेट को मंजूरी मिलना बाकी है। डिस्पोजल से चिडिय़ा रोड स्थित एसटीपी में पानी डाला जाएगा। विभाग इसके लिए तीन किलोमीटर लंबी 20 इंची चौड़ी पाइप लाइन भी बिछाएगा। विभाग अमृत योजना के तहत इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगा। इसी प्रकार विभाग शहर के मेन बाजारों के दूषित एवं बारिश के पानी की निकासी के लिए पिछले दिनों अलग से प्लान तैयार कर चुका है। इस प्लान के तहत सदर पुलिस थाना के पीछे स्थित जोहड़ के समीप भी डिस्पोजल बनाया गया है। इस डिस्पोजल से समसपुर एसटीपी तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
वर्जन::
चरखी दरवाजा की सीवर समस्या का स्थायी तौर समाधान हो जाएगा। यहां नई सीवर लाइन बिछाई जा रही है। अब पानी की इस क्षेत्र से निकासी आसान हो जाएगी। सीवर लाइनें बैंक नहीं मार पाएंगी।
- बीके जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग।