चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर में विशेष अभियान चलाकर पेयजल के 500 अवैध कनेक्शन काटे हैं। अवैध कनेक्शन काटने की कमान विभाग ने तीन टीमों को दे रखी है। ये टीमें नियमित अंतराल पर अवैध पेयजल कनेक्शनों का पता लगाने के साथ कार्रवाई भी कर रही हैं। खास बात ये है कि जांच के दौरान एक ही मकान में टीम को दो से तीन कनेक्शन मिले है। विभाग ने खाली प्लाॅटों में अवैध रूप से किए गए कनेक्शन भी काटे हैं।
दरअसल, अवैध कनेक्शनों की वजह से विभाग को राजस्व में मोटा नुकसान हो रहा है। इतना ही नहीं पानी का प्रेशर प्रभावित होता है और पानी के असमान वितरण का ये कनेक्शन मुख्य कारण हैं। कई दफा तो आपूर्ति का प्रेशर बढ़ाने के लिए विभाग को ज्यादा क्षमता की मोटरें लगानी पड़ती हैं। शहर ही नहीं गांवों में भी अवैध पेयजल कनेक्शनों की भरमार बनी हुई है। इनसे एक ओर पानी का प्रेशर कम हो रहा है वहीं, विभाग को आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
दादरी शहर की बात करें तो करीब आठ हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शन हैं। अब विभाग इनके खिलाफ सख्ती से पेश आ रहा है। लोगों ने मेन लाइनों में भी अवैध कनेक्शन कर रखे हैं जिससे लाइनें भी कमजोर हो रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में लाइन लीकेज की समस्या भी बनी हुई है। लीकेज के कारण सीधे तौर पर पानी की गुणवत्ता खराब होती है। इसी को मद्देनजर रखते हुए विभाग ने एकबार फिर से अवैध पेयजल कनेक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में सरकार के निर्देशों पर विभाग ने नए पेयजल-सीवर कनेक्शन की फीस 1005 रुपये भी बढ़ाई है।
- प्रतिदिन 15 कनेक्शनों पर हुई कार्रवाई
एक माह में शहर में 500 अवैध कनेक्शन काटे गए हैं। इस लिहाज से एक दिन में करीब 15 अवैध कनेक्शन कटे हैं। अहम बात ये है कि लोगों ने खाली प्लाॅटों में भी अवैध कनेक्शन किए हुए हैं। प्लाॅट में सब्जी आदि उगाने के दौरान इस कनेक्शन से ही पानी छोड़ते हैं। ऐसे में चालीस से अधिक मामले सामने आए हैं।
- अवैध कनेक्शन करने वालों के घर पहुंच रहीं तीनों टीम
कार्रवाई के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने तीन टीमें बना रखी हैं। ये टीमें घर-घर जाकर अवैध कनेक्शनों की जांच कर रही हैं। मकान मालिक से पेयजल कनेक्शन के दस्तावेज चेक किए जाते हैं। कनेक्शन वैध के दस्तावेज नहीं मिलने पर काट दिया जाता है और भविष्य में अवैध कनेक्शन नहीं करने की नसीहत भी दी जा रही है। विभाग ने सभी 21 वार्डों में यह अभियान चलाया हुआ है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि अवैध पेयजल कनेक्शन कटने के बाद उपभोक्ताओं के घरों में पानी का प्रेशर भी बढ़ेगा, जिससे नियमित एवं वैध कनेक्शनधारियों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा और पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त नहीं होंगी।
विभाग ने अब शहर में 500 अवैध कनेक्शन काट दिए हैं। यह अभियान जारी रहेगा। लोग अपना अवैध कनेक्शन वैध करवाएं। समय पर पानी बिल का भुगतान करें ताकि सरकारी राजस्व में भी घाटा न होने पाए। विभाग उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाने का भरपूर प्रयास कर रहा है।
-पवन कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग