बाढड़ा। गांव कादमा को कस्बे के तौर पर विकसित करने व जाम की समस्या से मुक्ति दिलवाने के लिए सांसद धर्मबीर सिंह ने लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा है। पत्र में गांव के मध्य से गुजरने वाले दादरी सतनाली सड़क को फोरलेन बनाकर डिवाइडर लगाने व स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि गांव कादमा करीब 24 गांवों का केंद्र बिंदु है। अब यह मिनी बाजार का रूप में विकसित हो रहा है, लेकिन मुख्य सड़क पर हर समय जाम लगा रहता है। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार को भी अवगत करवाया है। सांसद ने कहा कि इसके लिए सड़क को फोरलेन बनाकर मध्य में डिवाइडर लगवाए जाएंगे। स्ट्रीट लाइटों का भी प्रबंध करवाया जाएगा। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर इसके एस्टीमेट राज्य मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए है। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि कादमा कस्बे में जल्द ही कॉलेज शुरू होगा।