गांव काकड़ौली हट्ठी में सीआरपीएफ जवान कर्ण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते सांसद
बाढड़ा। दिल्ली में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ कमांडो काकड़ोली हट्ठी निवासी कर्ण सिंह का ह्दयगति रुकने से निधन हो गया। रविवार शाम पैतृक गांव में राजकीय सम्मान व गगनभेदी नारों के बीच उनकी अंत्येष्टि की गई। सांसद धर्मबीर सिंह ने भी दिवगंत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
काकड़ौली हट्ठी निवासी हवलदार करतार सिंह के पुत्र कर्ण सिंह वर्ष 2005 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। पिछले लंबे समय से उनकी तैनाती दंतेवाड़ा नक्सली विरोधी कोबरा बटालियन में थी। छह माह पहले ही उनको दिल्ली में वीआईपी ड्यूटी में तैनात किया गया था। शनिवार दोपहर ड्यूटी के समय उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। जाबांज के निधन का समाचार मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इन्होंने दी जवान को अंतिम विदाई
भिवानी-महेंद्रगढ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके अलावा सहायक कमांडेंट बालकिशन, निरीक्षक संदीप कुमार, सुनील शयोराण, सीआरपीएफ की टुकड़ी व बाढड़ा पुलिस बल ने मातमी धुन के साथ छह राउंड फायर किए। अंत्येष्टि में जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास, जजपा जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका, समाजसेवी उमेद पातुवास, एडीसी जयमेंद्र छिल्लर, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, दी केंद्रीय सहकारी बैंक चेयरमैन सुधीर चांदवास, पंचायत समिति चेयरमैन आनंद फौजी, जिला पार्षद सुनील इंजीनियर, सुभाष मान आदि मौजूद रहे।