हरियाणा के चरखी दादरी में हैरान कर देने वाली घटना हुई है। चरखी दादरी के गांव काकड़ोली हुक्मी के सरपंच के घर एक युवक ने फंदा लगा लिया। मृतक मूल रूप से प्रवासी बताया जा रहा है और पांच माह से काकड़ोल हुक्मी में रह रहा था। बाढड़ा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के दाहिने हाथ पर ओम का टैटू बना हुआ है।
जांच अधिकारी एएसआई सोमबीर ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से परेशान था और मंदबुद्धि था। ग्रामीणों ने शुरुआत में उससे नाम पता पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद ग्रामीणों के घर पर काम करने लगा और बदले में ग्रामीण उसे रोटी दे देते थे। अब कुछ दिनों से वह गांव के सरपंच रमेश कुमार के खेत में रह रहा था और वहीं पर पशुओं और खेती का काम करता था। वे उसे खाना देते और कमरे में ही रहने के लिए जगह दी थी।
वीरवार को रमेश उसे खेत में छोड़कर आया और सुबह बाढड़ा चला गया। शाम को रमेश के भाई खेत में पशुओं को संभालने के लिए गया था। उसी दौरान जब वे खेत में बने कमरे में पहुंचे तो युवक पंखे से लटका मिला। हादसे की सूचना रमेश व पुलिस को दी। पुलिस ने शाम को ही शव उतारकर दादरी शव गृह में रखवा दिया है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने सरपंच व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम कराया। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।