चरखी दादरी के इमलोटा निवासी कुलवंत के मर्डर की गुत्थी जिला पुलिस ने सुलझा ली है। हत्याकांड को कुलवंत के पड़ोसी शांतनु उर्फ जर्मनी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुलवंत उस पर दर्ज हत्या के एक मामले को लेकर बार-बार कटाक्ष करता था। इससे आह्त होकर ही उसने कुलवंत को अपने दो साथियों के साथ मिलकर मार दिया।
गुरुवार को एसपी दीपक गहलावत ने बताया कि 4 नवंबर को सुबह की सैर कर वापस आ रहे इमलोटा निवासी कुलवंत पर बाइक सवार तीन युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। उस दौरान कुलवंत ने कीचड़ में लेटकर आग बुझाई थी,लेकिन बावजूद इसके वो बुरी तरह झुलस गया था। 8 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। एसपी ने बताया कि दम तोड़ने से पहले कुलवंत ने पुलिस को बयान दिए थे और उस आधार पर पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का व मौत होने के बाद हत्या का केस दर्ज किया था।
एसपी गहलावत ने बताया कि मामले की जांच करते हुए पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपियों इमलोटा निवासी शांतनु उर्फ जर्मनी और माजरा निवासी राहुल उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शांतनु उर्फ जर्मनी ने बताया कि उस पर 2021 में हत्या का एक केस दर्ज हुआ था। उस मामले को लेकर कुलवंत उस पर कटाक्ष करता था। कुलवंत उसे कहता था कि रुपये लेकर उसने झोझूकलां में हत्या की और फिर उन रुपयों से मकान बनाने के साथ ट्रैक्टर खरीद लिया। उसके इस कटाक्ष से तंग आकर ही उसने कुलवंत की हत्या की योजना बनाई और माजरा निवासी राहुल उर्फ मोंटी व रोहित के साथ मिलकर कुलवंत पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी।
हथियार नहीं मिल पाया तो आग लगाकर मारने की बनाई योजना
शांतनु उर्फ जर्मनी करीब चार माह पहले ही मर्डर मामले में जमानत पर बाहर आया था। शांतनु ने बताया कि इसके बाद से ही कुलवंत कई बार उस पर कटाक्ष कर चुका था। यही कटाक्ष उसे चुभ गया और उसने हत्या की योजना बनाई। शांतनु ने बताया कि पहले वो गोली मारकर कुलवंत की हत्या करना चाहता था, लेकिन उसे हथियार नहीं मिल पाया और इसके बाद उसने पेट्रोल छिड़ककर कुलवंत की हत्या करने की योजना बनाई।
पहले घर में जाकर हत्या करने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में शांतनु उर्फ जर्मनी ने बताया कि उनकी योजना थी कि कुलवंत के घर जाकर ही उसकी हत्या की जाए। इसके चलते उन्होंने 3 नवंबर की रात भी कुलवंत के घर का गेट खटखटाया था लेकिन उस दौरान उसकी पत्नी लक्ष्मी बाहर आई जबकि कुलवंत अंदर ही रहा। इसके बाद उन्होंने सुबह होने का इंतजार किया और सरूपगढ़ रोड पर सैर कर लौट रहे कुलवंत पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
रोहित की थी बाइक, तीसरी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी
एसपी दीपक गहलावत ने बताया कि यह मर्डर ब्लाइंड था जबकि साइबर सैल को भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। इसके चलते मामले की जांच सीआईए प्रभारी दिलबाग सिंह को सौंपी गई और स्पेशल स्टाफ प्रभारी शमशेर सिंह को भी इस जांच में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में माजरा निवासी रोहित की बाइक प्रयोग की गई और इस मामले में रोहित की गिरफ्तारी होनी अभी
बाकी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।