गबन मामले में जांच के लिए बैंक में पहुंची पुलिस टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के चरखी दादरी में पंचायत विभाग के नियमों को ताक पर रखकर ग्राम पंचायतों के फंड में गबन करने के आरोपी ग्राम सचिव मुकेश के खिलाफ बाढड़ा थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज हो गई है। इस बार मौजूदा बीडीपीओ रोशनलाल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। बीडीपीओ ने उनके कार्यकाल में 80 लाख से अधिक का गबन करने का आरोप लगाया है। वही, दूसरी ओर डीसी प्रदीप गोदारा ने ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया है।
ज्ञात रहे कि ग्राम सचिव मुकेश पर दो दिन पहले तत्कालीन ग्राम सचिव युद्धवीर सिंह ने बाढड़ा थाने में गबन का केस दर्ज करवाया था। अब उसके खिलाफ मौजूदा बीडीपीओ रोशनलाल ने भी मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस को दी शिकायत में बीडीपीओ ने बताया कि गत 17 सितंबर से 26 अक्तूबर तक चैक पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर ग्राम सचिव मुकेश ने विभिन्न फर्मों के खातों में पंचायत फंड से भुगतान किया है।
पुलिस शिकायत में बीडीपीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत लाडावास के खाते से आठ लाख 36 हजार, ग्राम पंचायत डोहका मौजी व डोहका हरिया से 36 लाख सात हजार व सूरजगढ़, हसांवास खुर्द, गोपी व बिलावल पंचायत के खातों से 36 लाख 24 हजार रुपये का गबन किया है।
बीडीपीओ रोशनलाल ने बताया कि गत सात जून को उन्होंने बाढड़ा बीडीपीओ का अतिरिक्त कार्यभार संभाला था। बीडीपीओ की शिकायत पर बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में ग्राम सचिव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निलंबन अवधि के दौरान दादरी कार्यालय रहेगा मुख्यालय
ग्राम सचिव मुकेश को डीसी प्रदीप गोदारा ने निलंबित कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने पत्र क्रमांक 1609-13 जारी किया है। इसके अनुसार निलंबन अवधि के दौरान ग्राम सचिव मुकेश का मुख्यालय दादरी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय रहेगा। वह अधिकारी की अनुमति के बिना कार्यालय नहीं छोड़ेगा।
बैंक में जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम
बाढड़ा थाना पुलिस ने ग्राम सचिव पर दो एफआईआर दर्ज होने से मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस टीम जांच के लिए बाढड़ा स्थित पीएनबी बैंक में पहुंची। थाना प्रभारी ने इस प्रकरण को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
मौजूदा बीडीपीओ रोशनलाल की शिकायत पर ग्राम सचिव के खिलाफ दूसरी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और गुरुवार को हमारी टीम बैंक में भी जांच के लिए गई थी। -रामअवतार, प्रभारी, बाढड़ा थाना