हरियाणा के चरखी दादरी में लोन का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। दो लाख रुपये का लोन देने का झांसा देकर बंगलुरु में बैठे हैकर्स ने फ्लिपकार्ट कंपनी के कर्मचारी से एक लाख 43 हजार रुपये ठग लिए।
इसके बाद भी हैकर्स ने जब 60 हजार रुपये फोन-पे करवाने की डिमांड की तो लोन के लिए आवेदन करने वाले शख्स ने इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पहले की गई ट्रांजेक्शन के पैसे वापस मांगे तो हैकर्स ने इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में छपार निवासी दीपक ने बताया कि वह धारूहेड़ा में फ्लिपकार्ट कंपनी में नौकरी करता है। तीन दिन पहले उसके पास लोन की एक रिक्वेस्ट आई थी। उसने जब आवेदन किया तो उसके व्हाट्सएप नंबर पर लोन स्वीकृत होने का एक सर्टिफिकेट भेजा गया।
इसके बाद उससे फोन-पे पर एक लाख 43 हजार की ट्रांजेक्शन करवाई गई। पीड़ित ने बताया कि इस ट्रांजेक्शन के बाद उसे धोखाधड़ी का पता चला और उसने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है।