क्रिकेट वर्ल्डकप में भारत-श्रीलंका मैच पर सट्टा लगवा रहे 6 बुकी को सीआईए और स्पेशल स्टाफ टीम ने गिरफ्तार किया है। दो बुकी को बेरला से जबकि चार को रावलधी से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एलईडी, लैपटॉप, मोबाइल और रजिस्टर बरामद हुए हैं। उनके खिलाफ बाढड़ा और दादरी सदर थाना में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
जानिये...कहां से क्या हुई बरामदगी केस:1-बेरला के खेत में पेड़ के नीचे बैठकर दो युवक लगवा रहे थे सट्टा
स्पेशल स्टाफ टीम गुरुवार शाम अपराध की रोकथाम के लिए कुब्जानगर में गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि बेरला निवासी नवीन के खेत में दो युवक पेड़ के नीचे बैठकर भारत-श्रीलंका के मैच पर सट्टा लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को काबू कर लिया। उनकी पहचान नवीन और तेजपाल के रूप में हुई। पुलिस ने उनसे तीन स्मार्ट और दो की-पैड मोबाइल समेत एक रजिस्टर बरामद किया। रजिस्टर में अंतिम एंट्री दो नवंबर की रवि 15 के नाम से है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बाढड़ा थाने में केस दर्ज किया।
केस:2- रावलधी प्लॉट में बैठकर सट्टा लगवा रहे चार दबोचे
सीआईए टीम ने रावलधी से चार बुकी को गिरफ्तार किया है। वो एक प्लॉट में बैठकर भारत-श्रीलंका मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई। उनकी पहचान रावलधी निवासी कुलदी, गांधीनगर निवासी अंकित, लोहरवाड़ा निवासी नवीन और कमोद निवासी दीपक के रूप में हुई। सीआईए टीम ने उनके कब्जे से एक एलईडी, लैपटॉप, 6 मोबाइल, सेटअप बॉक्स और अन्य उपकरण बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ दादरी सदर थाना में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।