चरखी दादरी। जिला पुलिस ने शनिवार रात स्पेशल नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 544 वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा पुलिस को कुछ सफलताएं भी हाथ लगीं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और 181 बोतल शराब और 12 बीयर जब्त की गई। पुलिस ने छह लोगों को जहां अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया तो वहीं एक सट्टा खाइवाल को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक स्मिति चौधरी ने बताया कि रात दस बजे से सुबह चार बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने इलाके में गश्त पर रहे। विभिन्न स्थानों को चिन्हित कर नाकाबंदी की गई। व्यक्तियों व वाहनों की गहनता से जांच की गई। नाइट डोमिनेशन के दौरान होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों व अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी जांच की गई। स्मिति चौधरी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज व पुलिस महानिदेशक हरियाणा के दिशा-निर्देशों के तहत स्पेशल नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिला में 22 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहनता से जांच की गई। बाजार व संकरे रास्तों पर पैदल गश्त लगाई गई। डोमिनेशन के दौरान करीब 544 वाहनों की जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की उल्लंघन करने वाले 21 वाहनों के चालान किए गए। डोमिनेशन के दौरान आठ लोगों के पर्चा अजनबी काटे गये। 117 सार्वजनिक स्थानों की चेकिंग की व सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते एक आरोपी को काबू किया। इसके अलावा डालावास निवासी विनोद से 13 बोतल देसी शराब, जगरामबास निवासी जगबीर से 77 बोतल, 36 अध्धे व 69 पौव्वे देसी शराब व छह बोतल अंग्रेजी बरामद की। बडेसरा निवासी नमन को गांव डोहका हरिया के समीप से 12 बोतल देसी शराब सहित गिरफ्तार किया गया। अचीना निवासी नरेंद्र से नौ बोतल देसी शराब व प्रीतम से 24 बोतल देसी शराब व 12 बोतल बीयर की बरामद की गई। गांव पालड़ी से उत्तर-प्रदेश के नानगला निवासी श्यामसुंदर को दस बोतल देसी शराब सहित गिरफ्तार किया गया।