किसानों से की 14 लाख की धोखाधड़ी, व्यापारी पर केस दर्ज
भांडवा निवासी किसानों से 14 लाख की धोखाधड़ी करने पर बाढड़ा थाना पुलिस ने एक व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कंवर सिंह भालखी दोंगडा का रहने वाला है। दो दिन पहले ही भांडवा निवासी एक किसान ने उसके खिलाफ शिकायत दी थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए शनिवार रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में भांडवा निवासी आशोक कुमार ने बताया कि भांखड़ा दोंगड़ा निवासी व्यापारी कंवर सिंह तीन साल से उनके गांव के किसानों से मूली के बीज खरीद रहा है। उसने बताया कि एक साल पहले वह उससे और अन्य 22 किसानों से 22 लाख रुपये के बीज लेकर गया था और अब तक उसने पूरे रुपये नहीं दिए है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि किसानों के अभी 14 लाख रुपये बकाया है और आरोपी मांगने पर टाल-मटोल करता है। किसान रुपये लेने के लिए उसके घर भी गए,लेकिन वह हर बार कोई बहाना बनाकर उनको टालता रहा। इसके बाद उसने उनके फोन भी उठाने बंद कर दिए।
5 मई को किसानों को देख आरोपी गाड़ी छोड़ हुआ फरार
शिकायतकर्ता अशोक ने बताया कि 5 मई को उसे सूचना मिली कि कंवरपाल बाढड़ा नहर के पास से कैंटर में बीज लेकर जा रहा है। सूचने मिलने पर वह अन्य किसानों साथ उक्त जगह पर पहुंचा। उसने बताया कि आरोपी उन्हें देखकर कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में उन्होंने डायल 112 पुलिस टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस के बुलाने पर भी आरोपी वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने बीजों से भरी गाड़ी को जब्त कर बाढड़ा थाने में खड़ा करवा दिया।
घर में घुसकर सास-बहू को पीटा, माथे पर पिस्तौल भी तानी
घर मे घुसकर द्वारका निवासी सास-बहू से मारपीट करने का मामला सामने आया है। उनका आरोप है कि युवकों ने उन्हें बिना वजह पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। महिला के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में घायल कांता देवी ने बताया कि पांच मई को शाम छह बजे वह अपनी सास के साथ घर में काम कर रही थी। उसी दौरान उनके दो पड़ोसी और चार अन्य युवक कुल्हाड़ी व डंडे लेकर उनके घर आए। उन्होंने आते ही उनको गाली देना शुरू कर दिया। इतने में एक युवक ने उसकी सास के सिर में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बाकी ने उसके साथ डंडों से मारपीट की। इसके बाद एक युवक ने उसके माथे में पिस्तौल लगाकर उसके पति और बेटे के बारे में पूछा। उनके घर में न होने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और घर में तोड़फोड़ कर वहां से चले गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए दादरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया।