कोरोना: सिटीएम और 31 महिलाओं समेत 80 नए संक्रमित
तीसरी लहर के एक माह में 1315 लोग हुए संक्रमित, 865 हुए स्वस्थ तो एक ने तोड़ा दम
जिले में अब 6395 पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, 450 अभी उपचाराधीन
चरखी दादरी। जिले में सिटीएम और 31 महिलाओं समेत 80 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6395 हो गई है। वहीं, शुक्रवार को 110 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है, जिसके बाद जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 65.77 हो गया है। 28 जनवरी को कोरोना की तीसरी लहर को एक माह भी पूरा हो गया है और इस समयावधि में 1315 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं जो पहली लहर से अधिक है। वहीं, इस दौरान 865 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है जबकि एक की मौत हुई है।
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कोरोना के 80 नए केस मिले हैं जबकि 110 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। अब तक जिले में कोरोना संक्रमित मिले 6395 लोगों में से 5805 स्वस्थ हुए हैं जबकि 140 की मौत हुई है। इस समय जिले में 450 मरीज उपचाराधीन हैं।
जिले में कोरोना की तीसरी लहर में पहला केस गत 28 दिसंबर को मिला था। 28 दिसंबर तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5080 थी। इस समयावधि तक 4940 संक्रमित स्वस्थ हुए थे। संवाददाता ने कोरोना की पिछले एक माह की स्थिति की शुक्रवार को पड़ताल की और उस दौरान सामने आया कि 28 दिसंबर से 28 जनवरी तक जिले में संक्रमण की दर 5.67 प्रतिशत रही। इस समयावधि में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच के लिए 23181 सैंपल लिए, जिनमें से हर छठे सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार को जिले में पांच बच्चे भी संक्रमित मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि जो 80 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें से 10 शहर और 70 गांवों के रहने वाले हैं। (संवाद)
- 617 सैंपल की रिपोर्ट अभी लंबित
सीएमओ डॉ. पंवार ने बताया कि 28 जनवरी तक कोरोना जांच के लिए 330018 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 617 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं। फिलहाल विभाग उन्हीं के सैंपल ले रहा है जिन्हें खांसी, जुकाम, बुखार व खरास आदि की शिकायत है।
- शहर के इन क्षेत्रों में मिले संक्रमित
शुक्रवार को कबीर बस्ती, वाल्मीकि नगर, डीसी आवास के समीप, लोहारु चौक, मेजबान चौक, घिकाड़ा रोड, वार्ड तीन, टैगोर स्कूल क्षेत्र और वार्ड-15 निवासी दस लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
- झोझूकलां, बौंदकलां और अचीना में मिले अधिक केस
शुक्रवार को अगर गांवों की स्थिति देखें तो झोझूकलां, बौंदकलां और अचीना में अधिक केस मिले हैं। अचीना में 5, झोझूकलां- बौंदकलां में 6-6, गोपी-कादमा में 3-3, रानीला में चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा घसोला, रावलधी, बिरही कलां, चरखी, पिचोपा कलां, सरूपगढ़, कलियाणा, संतोकपुरा, सांतौर, फौगाट, पैंतावास कलां, नरसिंहवास, फतेहगढ़, गोठडा, मकड़ानी, कादमा, कांहड़ा, मांढी केहर, जीतपुरा, रासीवास, इमलोटा व कंहेटी आदि गांवों में भी पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
- ये हैं पिछले एक माह का आंकड़ा
कुल सैंपल लिए- 23181
पॉजिटिव केस मिले- 1315
स्वस्थ हुए- 865
मौत हुई-01
वर्जन::
जिले में शुक्रवार को 80 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि 110 स्वस्थ हुए हैं। शुक्रवार को हमारी टीमों ने 617 सैंपल लिए हैं जिनकी रिपोर्ट अभी लंबित हैं। 450 मरीज अभी उपचाराधीन हैं।
डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ, चरखी दादरी