अमर उजाला एक्सकलूसिव:
दादरी-कोटा रूट पर चलने वाली बस के परिचालक काे सोनीपत डिपो के उड़नदस्ते ने पकड़ा, रिपोर्ट के आधार पर दादरी डिपो के अधिकारियों ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी डिपो में तैनात एक परिचालक के बैग में 2500 रुपये ज्यादा मिलने पर विभाग ने उसे निलंबित कर दिया। इतना ही नहीं, आगामी कार्रवाई के लिए जांच शुरू करने के आदेश भी अधिकारियों की ओर से दिए गए हैं। जांच में सामने आए तथ्याें के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
चरखी दादरी बस स्टैंड से प्रतिदिन सुबह 7:50 बजे राजस्थान के कोटा शहर के लिए बस रवाना होती है। 23 सितंबर की सुबह बस दादरी बस स्टैंड से रवाना हुई थी। जब बस जयपुर-कोटा रोड पर पहुंची तो सोनीपत डिपो के उड़नदस्ते ने बस को चेकिंग के लिए रुकवा लिया। उस दौरान परिचालक दिनेश कुमार के बैग में टिकट के लिहाज से ढाई हजार रुपये की नकदी ज्यादा पाई गई।
इस पर संज्ञान लेकर उड़नदस्ते ने परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए परिचालक के खिलाफ कागजी कार्रवाई कर सूचना दादरी रोडवेज महाप्रबंधक के पास भेज दी। डिपो महाप्रबंधन ने इस पर संज्ञान लेकर परिचालक को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, आगामी कार्रवाई के लिए जांच करवाने के दिशा निर्देश भी उन्होंने जारी कर दिए हैं।
वर्सन:
हमारे कार्यालय में सोनीपत रोडवेज डिपो के उड़नदस्ते ने इस मामले की सूचना ईमेल के माध्यम से भेजी थी। परिचालक को नियमानुसार निलंबित कर दिया गया है। अभी जांच जारी है।
-नवीन कुमार शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी डिपो