कालूवाला स्टेडियम में हैंडबॉल समेत अन्य खेलों का अभ्यास करने वाले 11 युवाओं से सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर 66 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगी का आरोप कोच पर ही लगाया गया है। इस संबंध में एक युवक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत सौंपी है, जिसके आधार पर बाढड़ा थाने में आरोपी कोच के खिलाफ धारा 406 और 420 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में अटेला नया निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसका भतीजा राजसिंह कालूवाला स्टेडियम में भर्ती की तैयारी के लिए जाता था। वहां, गांव कालूवाला निवासी जसबीर हैंडबॉल और अन्य खेलों की तैयारी युवाओं को करवाता था। राजेश कुमार ने बताया कि वह भी अपने भतीजे को संभालने के लिए समय-समय पर कालूवाला स्टेडियम जाता था। उसी दौरान उसकी मुलाकात कोच जसबीर से हुई। राजेश ने बताया कि जसबीर वहां निजी तौर पर युवाओं को कोचिंग देता था और उसने मुलाकात के दौरान बताया कि उसकी सेना में उच्च अधिकारियों के साथ जान-पहचान है और वह कई युवाओं को नौकरी लगवा चुका है। इसके बाद कोच ने तीन माह के अंदर ज्वाइनिंग करवाने और इसके बदले प्रति युवा छह लाख रुपये लेने की बात कही। राजेश ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2020 में कोच जसबीर को छह लाख रुपये नगद दे दिए और इसके बाद उसके भतीजे ने अपने साथियों को यह भी बात बताई। पुलिस शिकायत के अनुसार कोच ने राज सिंह के अलावा सोनू, रामकिशन, सुमित, अमन, प्रवीण, सुनील, महेश, संजय, विशाल व आशीष से भी छह-छह लाख रुपये लिए है। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आरोपी कोच के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।