चरखी दादरी। आठ जुलाई को नई अनाज मंडी में होने वाली मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनसभा के मद्देनजर उनके ओएसडी, विधायक सोमबीर सांगवान, डीसी श्यामलाल पूनिया और एसपी दीपक गहलावत ने रैली स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए, जबकि एसपी दीपक गहलावत ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। दादरी के विधायक एवं मुख्यमंत्री की जनसभा के आयोजक सोमबीर सांगवान ने कहा कि दादरी क्षेत्र का समुचित विकास करवाने के लिए इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री के समक्ष हलके की बड़ी मांगों को भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के ओएसडी अजय गौड़ ने जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने कहा कि रैली में आने के लिए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर एसडीएम अनिल कुमार यादव, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन कृष्ण कुमार, भाजपा नेता संदीप जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र परमार, पूर्व विधायक सुखविंद्र श्योराण, महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बबीता फौगाट, नगरपरिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा, डॉ. संजीव मड़िया, डॉ. किरण कलकल, टीनू फौगाट, संजय छपारिया, सुधीर चांदवास व विनोद गुप्ता आदि उपस्थित रहे।