फोसंवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को जिले के विकास से संबंधित 180 करोड़ की 30 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास वीडियो काफ्रेंस के माध्यम से किया। जिलास्तर पर विधायक सोमबीर सांगवान ने सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।
परियोजनाओं में दादरी शहर के लाला रामस्वरूप दास मातृ एवं शिशु अस्पताल में 6 करोड़ 50 लाख की लागत से बने चिकित्सकों के क्वार्टर मकान, 112 करोड़ रुपये की लागत से बाढड़ा उपमंडल के 35 गांवों की पेयजल परियोजना है। इसके तहत निमड बडेसरा में हब जलघर बनाया गया है।
परियोजना का उद्घाटन होने से अब इन 35 गांवों को पहली बार नहरी पानी मिलेगा। इससे पहले इन गांवों की करीब एक लाख की आबादी ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर थी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जिले के एक बड़े हिस्से को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल नियमित रूप से मिल सकेगा। जिला बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की यह अब तक की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना है। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास, जन स्वास्थ्य विभाग के ईआईसी असीम खन्ना, भाजपा जिला अध्यक्ष डाॅ. किरण कलकल, जजपा जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका, नगर परिषद चेयमैन बक्शीराम सैनी और सुधीर चांदवास आदि मौजूद रहे।
- औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर काम कर रही सरकार
विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए चरखी दादरी में व्यवसायिक व औद्योगिक सेक्टर विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। शहर में सीसीआई की जमीन को भी सरकार की ओर से परियोजना के लिए लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार गंभीरता के साथ तेजी से काम कर रही है।
शहर में नहीं रहेगा जलभराव, सीवर समस्या से मिलेगी मुक्ति
विधायक ने कहा कि सरकार की ओर से दादरी शहर को जलभराव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए भी काम किया जा रहा है। बारिश के पानी निकासी की लाइन डालने का काम अंतिम चरण में है। इसके बाद शहर में जलभराव नहीं होगा। इसके अलावा पुरानी सीवर लाइनों को बदलने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है और जल्द ही पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने का काम भी शुरू होगा।