संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। महानगरों और अन्य शहरों की तर्ज पर शहर की सड़कों पर भी वाहन ट्रैफिक लाइट्स के इशारों पर दौड़ेंगे। आठ चौराहों पर ट्रैफिक लाइट्स लगेंगी। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर आमंत्रित कर दिया है। शहर में स्ट्रीट लाइट्स लगाने पर 61 लाख रुपये खर्च होंगे।
शहर में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए ट्रैफिक लाइट नहीं लगी है। यह मुद्दा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लगातार उठा और इस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नगर परिषद को योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। नगर परिषद के अधिकारियों ने एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेजा और स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई गई।
योजना के अनुसार चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगाने के साथ सभी कट पर ब्लिंकर भी लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को यू-टर्न का पता चल सके और सड़कों पर हादसे भी न हो। ट्रैफिक लाइट्स लगने से वाहन न केवल व्यवस्थित ढंग से चलेंगे, बल्कि इससे सड़क हादसों में भी कमी आएगी।
- इन चौराहों पर लगेंगी लाइटें
नगर परिषद की ओर से शहर के सभी बाहरी प्रवेश बिंदुओं को कवर किया गया है। रावलधी चौक, समसपुर चौक, लोहारू चौक और चिड़िया मोड़ समेत शहर के मध्य में स्थित परशुराम चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने की नगर परिषद की योजना है।
सड़कों पर दौड़ते हैं 30 हजार से अधिक वाहन
शहर की अंदरूनी सड़कों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों का दबाव अधिक है। बस स्टैंड रोड, कोर्ट रोड, रोहतक रोड व लोहारू रोड से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक गुजरते हैं। शहर के बाहरी क्षेत्र की सड़कों पर मालवाहक और भारी वाहन का दबाव ज्यादा है। शहर की अंदरूनी और बाहरी सड़कों से प्रतिदिन 30 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं।
शहर में 61 लाख से ट्रैफिक लाइट्स लगवाई जाएंगी। इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर दिया है। निर्धारित तिथि पर टेंडर खोलकर आवंटित किया जाएगा। प्रयास है कि जल्द से जल्द शहर में ट्रैफिक लाइट्स लगवा दी जाएं। इनका संचालन पुलिस की ओर से किया जाएगा। - सुमित नांदल, एक्सईएन, नगर परिषद