चरखी दादरी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से उपायुक्त ने मंगलवार को 129 करोड़ रुपये की 27 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें नए लघु सचिवालय परिसर में 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आवासीय परिसर भी शामिल है। लघु सचिवालय के सभागार में मुख्यमंत्री के फिरोजपुर झिरका कार्यक्रम का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए 2740 करोड़ रुपये की 347 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की पारदर्शी सुशासन प्रणाली व आगामी कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उपायुक्त ने कहा कि 129 करोड़ रुपये की इन विकास परियोजनाओं के लागू होने से जिला के ग्रामवासियों को काफी लाभ मिलेगा। आवासीय परिसर बनने से दादरी में नियुक्त होने वाले अधिकारियों को रहने के लिए उचित निवास मिल सकेगा।
जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें सचिवालय के आवासीय परिसर के अलावा शहीद हवासिंह राजकीय विद्यालय भवन बेरला, बौंदकलां कैनाल रेस्ट हाउस में एसडीओ रेजीडेंस, फौगाट माइनर का पुनर्निर्माण, भागेश्वरी व सांजरवास माइनर का निर्माण कार्य, मालकोस ड्रेन का निर्माण कार्य, निमड़ी और मालकोस गांव में दादरी डिच ड्रेन का निर्माण, कमोद लिंक नहर का निर्माण, निमड़ी लिंक ड्रेन का निर्माण, अचीना ड्रेन की पाइपलाइन, पैंतावास कलां से कितलाना डिस्ट्रीब्यूटरी तक पाइपलाइन, भागवी गांव से बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी तक की पाइप लाइन, लोहरवाड़ा में आरसीसी पाइप लाइन, डोहकी, सांजरवास, बलकरा, घसोला गांव के अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शामिल है।
उपायुक्त ने जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के साथ मिसरी, भागवी, बास माइनर का पूरा करवाया गया पुनर्निर्माण, झिंझर लिंक ड्रेन, डोहकी हरिया के अमृत सरोवर तथा बिरही माइनर के पुनर्निर्माण कार्य का उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन के कार्य में इन विकास योजनाओं से काफी मदद मिलेगी तथा ग्रामीणों को जलभराव का सामना नहीं करना पड़ेगा। अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह, एसडीएम नवीन कुमार, नगराधीश रेणुका नांदल, सीईओ प्रदीप कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र परमार, नगरपरिषद चेयरमैन बक्शी सैनी, जजपा प्रवक्ता ऋषिपाल उमरवास, सहकारी बैंक के चेयरमैन सुधीर चांदवास मौजूद रहे।