दादरी दिल्ली मुख्यमार्ग पर गांव इमलोटा के समीप बुधवार रात दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक में सवार क्लीनर की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घायल ट्रक चालक के बयान के आधार पर दूसरे ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में प्रेम नगर निवासी संजय (36) ने बताया कि वह पंद्रह साल से ट्रक चलाता है। करीब डेढ़ साल से वह झज्जर जिले के डावला निवासी मनोज का ट्रक चला रहा है। गाड़ी पर लोहरवाड़ा निवासी प्रवीन बतौर क्लीनर तैनात था। संजय ने बताया कि करीब साढ़े 12 बजे वह और प्रवीन फर्रुखनगर में गाड़ी खाली करने के बाद वापस बिरही क्रशर जोन आने के लिए चले थे। जब वह इमलोटा गांव के समीप पहुंचे तो दादरी की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने सीधे उनके वाहन में टक्कर मार दी।
हादसे में क्लीनर प्रवीन की अधिक चोटें लगने के कारण मौके पर मौत हो गई जबकि संजय घायल हो गया। अन्य ट्रक चालकों ने केबिन में फंसे संजय को बाहर निकाला और उपचार के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्लीनर प्रवीन के शव को कब्जे में ले लिया। वीरवार सुबह पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और संजय के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।