चरखी दादरी। उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा आधुनिक तकनीक के चलन में साइबर अपराधों से बचाव के लिए नागरिक जागरूक व सतर्क रहें। किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर क्राइम की घटना होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें। साइबर धोखाधड़ी के मामलों में जितना जल्दी सूचना पुलिस व अन्य संबंधित एजेंसियों तक पहुंचती है तभी साइबर अपराध को रोकने की संभावना ज्यादा जल्दी होती है।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराध की शिकायत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से साइबर क्राइम.जीओवी.इन वेबसाइट और 1930 साइबर हेल्पलाइन उपलब्ध करवाई गई है जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
बैंकिंग धोखाधड़ी, यूपीआई फिशिंग, फेक लिंक और अन्य ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस विभाग साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आमजन को चाहिए कि वे सतर्कता बरतें और अपने परिवार, दोस्तों को भी इसके बारे में जागरूक करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उन्हें साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी देना है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने वित्तीय और व्यक्तिगत डेटा को सुरक्षित रखें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में देरी किए बिना इसकी शिकायत करें।