चरखी दादरी। साइबर अपराधों से बचाव के लिए नागरिक सतर्क रहें और किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर क्राइम की घटना होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें। इन मामलों में जितना जल्दी सूचना पुलिस व अन्य संबंधित एजेंसियों तक पहुंचती है, साइबर अपराध को रोकने की संभावना उतना ज्यादा होती है। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की शिकायत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से वेबसाइट और 1930 साइबर हेल्पलाइन उपलब्ध करवाई गई है, जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। वर्तमान डिजिटल युग में साइबर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बैंकिंग धोखाधड़ी, यूपीआई फिशिंग, फेक लिंक और अन्य ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान कॉल, संदिग्ध लिंक या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है, तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकता है। जिला प्रशासन साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आमजन को चाहिए कि वे सतर्कता बरतें और अपने परिवार, दोस्तों को भी इसके बारे में जागरूक करें।