चरखी दादरी। ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत सीआईए स्टाफ दादरी ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 5 किलो 700 ग्राम गांजे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को सीआईए स्टाफ की टीम एएसआई विशाल, हेड कांस्टेबल अमित, सिपाही मंजीत और ईएएसआई कुलदीप सरकारी वाहन से गांव गोपालवास क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी।
इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि प्रवीण निवासी पायगा, जिला महेंद्रगढ़ (वर्तमान में निवासी सतनाली) अपने साथियों कैलाश, रविंद्र और सौरभ के साथ गांजा बेचने का कार्य करता है। सूचना के अनुसार आरोपी नावा डिगरोता की ओर से गोपालवास होते हुए स्विफ्ट कार में गांजा लेकर नौरंगाबास जाटान की तरफ जाने वाले थे।
सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने नौरंगाबास जाटान रोड पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोपालवास के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद गोपालवास की ओर से आती एक स्विफ्ट कार को रुकवाकर जांच की गई। वाहन में चार युवक सवार थे। चालक ने अपना नाम प्रवीण बताया, जबकि अन्य तीनों ने अपने नाम कैलाश पुत्र मदनलाल, रविंद्र और सौरभ निवासी सतनाली बताए।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट अंकित, कृषि विकास अधिकारी दादरी की मौजूदगी में वाहन और आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की कंडक्टर साइड सीट के आगे पायदान में रखे पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे से 5 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में चारों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर गांजा बेचते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद गांजा और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की गहन जांच जारी है।