बाढड़ा (चरखी दादरी)। क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई के साथ तस्करी जोरों पर है। पिछले दो दिनों में वन विभाग की टीमें अवैध रूप से हरे पेड़ ले जाने पर छह वाहनों को पकड़ चुकी हैं। इन्हें जब्त करवाने के साथ दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। तीन वाहन शनिवार को और तीन रविवार को पकड़े गए हैं।
उपमंडल वन अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि वन विभाग की टीमों ने दो दिन में लकड़ियां ले जाते सात वाहनों को पकड़ा है। इनमें से एक में सूखी लकड़ी थी, जबकि छह वाहन मालिकों के खिलाफ पर्यावरण एक्ट के तहत चालान कर क्षेत्रीय पर्यावरण कोर्ट में भेजा गया है। दो दिन की कार्रवाई में पिकअप वाहनों कर धरपकड़ से दो लाख के चालान हुए हैं। वन विभाग के उड़नदस्ते द्वारा दो दिन की कार्रवाई में पकड़े गए छह पिकअप वाहनों में देसी शीशम व रहीड़े के पेड़ भरे मिले।
- गाड़ियों से बरामद हुईं 180 क्विंटल लकड़ी
वन विभाग अधिकारी जयप्रकाश लाखलान ने बताया कि रविवार को बाढड़ा से चार गाड़ियां लकड़ी से भरी पकड़ी थी, जिसमें से एक गाड़ी में सूखी लकड़ी होने के कारण उसे छोड़ दिया गया और तीन गाड़ियों को इपाउंड किया गया। इससे पहले भी तीन गाड़ियां पकड़ी गई थीं, जिनमें 30 से 32 क्विंटल लकड़ी भरी हुई थीं। इन छह गाड़ियों से करीब 180 क्विंटल लकड़ी बरामद की गई है।