चरखी दादरी। केंद्र सरकार की ओर से शनिवार को संसद में बजट पेश किया गया। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पर लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। किसी ने बजट को सराहनीय बताया है तो किसी ने इसमें सुधार की गुंजाइश बताई है।
किसान नेताओं ने बजट में किसान वर्ग की मुख्य मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए बजट को पूंजीपतियों के हित साधने वाला बताया है। उनका कहना है कि सरकार ने इस साल भी किसानों के लिए कुछ नहीं किया। वहीं, कुछ व्यापारियों ने बजट को अच्छा बताया और कुछ ने उम्मीदों से परे बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का इनकम में छूट देना अच्छी बात है, लेकिन, व्यापारियों को और भी सुविधाएं देनी चाहिए थीं।
कर्मचारी भी नाखुश से नजर आए और उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के सीमित वर्ग के लिए ही फायदा पहुंचाया है। सभी कर्मचारियों को टैक्स छूट का लाभ नहीं मिलेगा। जिले के अधिवक्ताओं ने बजट की सराहना की है।