बाढड़ा। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक हुई। इस बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नए पार्क निर्माण, दूषित पानी की निकासी, सीवरेज एवं व्यायामशालाओं में खेल सुविधाएं बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं को स्वीकृति दी गई।
बैठक में खंड विकास के लिए संचालित सरकार की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पांच गांवों में आठ-आठ लाख रुपये की लागत से पार्क निर्माण करने का प्रस्ताव लाया गया। कई गांवों के रिहायशी क्षेत्र और गलियों से दूषित पानी की निकासी के लिए पंचायतीराज से आगणन तैयार करवाने पर सहमति जताई गई।
बैठक में सभी गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर बैठने के लिए सीमेंट की कुर्सियां बनवाने और पंचायत समिति के सभी सदस्यों को अपने ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता, जल बचाओ अभियान शुरू करने का फैसला लिया गया।
संचालन करते हुए बीडीपीओ मनोज कुमार ने सदस्यों से विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आई शिकायतों से अवगत करवाया। उनके समाधान के लिए उठाए गए कदमों से अवगत करवाया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंचायत समिति की चेयरपर्सन दर्शना देवी ने सदस्यों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि समिति सभी कामकाज पारदर्शिता से करवाते हुए टेंडर प्रक्रिया अपना रही है।
बीडीपीओ मनोज कुमार ने कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में पंचायत समिति की वाइस चेयरमैन सुनीता भांडवा, सदस्य अशोक कुमार, सुशीला देवी, बीडीसी अशोक गोपी, यशवंती, सुनील, बबीता रानी ने अपने क्षेत्र की समस्या सुलझाने की मांग की। इस दौरान जेई सुमित कुमार, रघबीर सिंह, राधा देवी, आनंद फौजी, सतीश भांडवा, ओमबीर सिंह, सतबीर सिंह, अमित कुमार, अनिल कुमार, मनीष आदि मौजूद रहे।