बाढड़ा (चरखी दादरी)। ब्राह्मण समाज सिंदोलिया खाप चौरासी के पदाधिकारियों ने ब्राह्मण भवन बाढड़ा व गांव पहाड़ी में आपात बैठक आयोजित कर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से की गई जातिगत टिप्पणी की आलोचना की। इस मामले में एसडीएम लोहारू के माध्यम से पीएम व सीएम को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग भी की गई।
ब्राह्मण समाज सिंदोलिया खाप चौरासी के महासचिव सुनील शर्मा चेयरमैन ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता खाप प्रधान बजरंगलाल, सेवानिवृत डीआईजी ने की। इसमें मुख्य रूप से समाज में आपसी जातिगत टिप्पणी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता प्रकट करते हुए हर व्यक्ति से संयमित भाषा व आपसी भाईचारा की विचारधारा को बढ़ावा देने की मांग की। साथ ही खाप ने एक अधिकारी की ओर से अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर कार्रवाई की मांग की।
खाप उपप्रधान धनसिंह शास्त्री व कमल सिंह खाप संस्थापक ने बताया कि समय-समय पर ब्राह्मण समाज को अपमानित किया जा रहा है, जिस पर लगाम लगनी चाहिए। महासचिव सुनील शर्मा ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी पर तत्काल रोक लगानी जरूरी है। बैठक में कार्यालय सचिव सत्यव्रत शर्मा, पवन कुमार, इन्दराज उप प्रधान, पवन कुमार खरकड़ी, तरसेम शर्मा प्रधान खाप पच्चीस, रामनिवास पिचौपा कलां, चन्द्रभान शर्मा, प्रवीन कुमार शर्मा भांडवा, सुरेश शर्मा, विजय कुमार, रामकरण, लक्ष्मीनारायण, रमेश शास्त्री आदि भी मौजूद रहे।