रासीवास मंदिर के सामने शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। घायल में से एक ने रोहतक के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में छपार निवासी भूपेंद्र ने बताया कि वह रोहतक यूनिवर्सिटी में ओ/एस जूनियर प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। छह फरवरी को वह बाइक पर सवार होकर घर से रोहतक जाने के लिए निकला था। जब वह अड्डे पर पहुंचा, तो गांव निवासी दिलबाग मिल गया। दिलबाग ने उसे कितलाना तक साथ ले चलने की बात कही। भूपेंद्र ने बताया कि वे दोनों कितलाना की तरफ जाने लगे और जब वे रासीवास मंदिर के समीप पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार वाहन चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसे मामूली चोटें लगीं, जबकि दिलबाग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायलावस्था में उसने हादसे की सूचना परिजनों को दी और राहगीरों की मदद से घायल दिलबाग को भिवानी सिविल अस्पताल ले कर पहुंचा। यहां से दिलबाग का बेटा दीपक उसे रोहतक के एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव अपने कब्जे में ले लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस ने इस संबंध में छपार निवासी भूपेंद्र के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ 279 और 304-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आनंद कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, सदर थाना