लोहारू रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक।
चरखी दादरी। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को दो हजार रुपये के नोटों का चलन 30 सितंबर के बाद बंद करने का आदेश दिया था। शनिवार को बैंकों, एटीएम और बाजारों में इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिला। बैंकों और एटीएम पर 2016 की नोटबंदी की तरह लंबी लाइन देखने को नहीं मिली। इसके अलावा बाजार में भी दुकानदारों ने दो हजार का नोट पहले की तरह ही लिया। शनिवार को संवाददाता ने बैंकों, एटीएम व बाजारों का जायजा भी लिया।
बैंकों की रही यह स्थिति :
संवाददाता शनिवार को सबसे पहले लोहारू रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा। वहां सामान्य दिनों की तरह ही स्थिति रही। दो हजार का नोट जमा करवाने वालों की कोई भीड़ नहीं दिखी। यही हाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का रहा। वहां भी दो हजार के नोट जमा कराने वाले ग्राहक नजर नहीं आए।
एटीएम भी रहे खाली
संवाददाता ने भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक आदि एटीएम का भी जायजा लिया। एटीएम बूथ खाली मिले। अधिकतर एटीएम बूथों पर लगी मशीनों ने 500-500 रुपये के नोट ही निकाले।
बाजार में भी नहीं दिखा प्रभाव
दो हजार रुपये का नोट 30 सितंबर के बाद चलन से बाहर होने के आदेश का बाजार में कोई प्रभाव नहीं दिखा। टीम ने शहर के बड़े शोरूम पर जाकर इस संबंध में बात भी की। रावधिया क्लॉथ स्टोर के संचालक पंडित मनफूल शर्मा ने बताया कि बाजार में सबकुछ सामान्य है। ग्राहकों से दो हजार रुपये के नोट भी दुकानदार ले रहे हैं। ड्रीम लैंड रेडिमेड स्टोर पर सेल्समेन अंकित ने बताया कि सबकुछ पहले की तरह ही है, किसी प्रकार का कोई फर्क नहीं है। विशाल मेगामार्ट के सतपाल जाखड़ ने बताया कि अधिकतर लोग डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई से पेमेंट कर रहे हैं।