फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राएं स्टाफ सदस्यों के साथ।
झोझू कलां। कस्बा झोझू कलां स्थित महिला महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर में वीरवार को चौथे दिन की शुरूआत योग के साथ हुई। योग प्रशिक्षक बिशन सिंह आर्य ने छात्राओं को योगाभ्यास करवाया। उसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एनएसएस गीत के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई।
इस दौरान शारीरिक गतिविधि के तहत पिट्ठू खेल का आयोजन किया, जिसमें सभी स्वयंसेविकाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। दूसरे सत्र में झोझू कलां पुलिस थाने से एसआई अंकित कुमार ने साइबर अपराध के बारे में स्वयंसेविकाओं को विस्तार से समझाया और इससे बचाव के बारे में बताया। शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, पेड़ व प्लास्टिक आदि विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. पूनम, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शर्मिला कुमारी ने निभाई।
प्रतियोगिता में बबीता, शशि व पल्लवी ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। सायंकालीन सत्र में डॉ. वतन सहरावत सहायक प्रवक्ता, राव बिरेंद्र सिंह ने डिजिटल साक्षरता के बारे में संबोधित करते हुए कहा कि कंप्यूटर, स्मार्ट फोन और इंटरनेट जैसी डिजिटल तकनीकों का सुरक्षित, प्रभावी और समझदारी से प्रयोग करना चाहिए। आधुनिक युग में शिक्षा, नौकरी और दैनिक जीवन के लिए डिजिटल साक्षरता अनिवार्य है।