चरखी दादरी। जिला में मौजूदा सत्र से 22 नई खेल नर्सरियां खोलने को मंजूरी मिल गई है। नर्सरियों के लिए 84 आवेदन आए थे। अब 15 जून से ये खेल नर्सरियां शुरू हो जाएंगी। इन खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों का दाखिला टेस्ट एवं ट्रायल के आधार पर होगा। एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी दाखिल होंगे। नर्सरी संचालकों को चयनित खिलाड़ियों व तैनात का पूरा विवरण ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
बता दें कि खेल नर्सरियों में विभिन्न खेलों का अभ्यास करवाया जाता है। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को डाइट भत्ता भी दिया जाएगा। आठ से 14 साल के आयुवर्ग में खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2000 रुपये डाइट भत्ता दिया जाता है। खेल नर्सरियों में एनआईएस कोच की तैनाती होती है।
दरअसल, सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के अलावा एकेडमी संचालकों ने भी नर्सरियों के लिए आवेदन किया था। नर्सरी के लिए मैदान व अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने जरूरी हैं। अप्रैल माह में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनकी जांच की गई थी। आवेदन सही पाए जाने पर मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया। एक नर्सरी में 25 से ज्यादा खिलाड़ी दाखिला नहीं ले सकेंगे। 10 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा ताकि बीच में कोई खिलाड़ी किसी कारणवश छोड़ जाए तो प्रतीक्षा सूची वाले खिलाड़ी को दाखिल कर लिया जाएगा। एक नर्सरी में एक कोच तैनात होगा।
- 12 राजीव गांधी स्टेडियम भी बने खिलाड़ियों का सहारा
जिला में विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं जो समय- समय पर पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। जिला के 12 गांवों में राजीव गांधी खेल स्टेडियम भी हैं जिनमें करीब 800 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। नई खेल नर्सरियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान, पेयजल, बिजली, शौचालय व अन्य आवश्यक सुविधाओं का होना जरूरी है।
- कबड्डी की सर्वाधिक चार तो फुटबाल की मंजूर हुई दो नर्सरी
खेल विभाग के निदेशालय की ओर से जिला में 22 खेल नर्सरियों को मंजूरी दे दी गई है। इनमें कबड्डी की चार नर्सरियां खोली गई हैं। इसी प्रकार वॉलीबाल की पांच, आर्चरी की एक, कराटे की एक, बाॅक्सिंग की एक, हैंडबाल की दो, फुटबाल की दाे व हॉकी की दो नर्सरियों को मंजूरी मिली है। इन नर्सरियों में 15 जून से अभ्यास शुरू हो जाएगा। खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। अधिकतर नर्सरियां प्राइवेट शिक्षण संस्थाओं में ही खोली गई हैं।
मौजूदा सत्र से 22 नई खेल नर्सरियां खोलने को मंजूरी मिल गई है। इन खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों का दाखिला टेस्ट एवं ट्रायल के आधार पर होगा। एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी दाखिल होंगे। नर्सरी संचालकों को चयनित खिलाड़ियों व तैनात का पूरा विवरण ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
-संधूबाला, जिला खेल अधिकारी, चरखी दादरी