चरखी दादरी। रूस-यूक्रेन जंग के बीच फंसे भारतीय विद्याथियों का बमबारी-बर्फबारी से हालत बद से बदतर होती जा रही है। राहत की बात है कि जिले के 48 युवाओं में से 12 सकुशल अपने घर पहुंच चुके हैं। वहीं, यूक्रेन में फंसे युवाओं के परिजनों से संपर्क करने के लिए मंगलवार रात प्रशासनिक अधिकार उनके घर पहुंचे और हौसला बढ़ाया।
डीसी प्रदीप गोदारा ने बताया कि आश्वासन दिया कि बाकी विद्यार्थियों को भी जल्द वतन ले आया जाएगा। डीसी पिछले दो दिनों से लगातार इस जद्दोजहद में लगे हैं कि यूक्रेन में इस समय मौजूद दादरी जिला के विद्यार्थियों को कैसे वहां से सकुशल बाहर निकाला जाए। इसके लिए उपायुक्त चंडीगढ़ उच्चाधिकारियों के निरंतर संपर्क में हैं और जो विद्यार्थी अभी वहां फंसे हैं, उनके बारे में रिपोर्ट ले रहे हैं।
जानकारी आदान-प्रदान करने के लिए सोशल मीडिया पर बनाया ग्रुप
डीसी ने बताया कि जानकारी आदान-प्रदान करने के लिए सोशल मीडिया पर एक ग्रुप बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार देर रात तक दादरी के एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह अहलावत, नगराधीश नरेंद्र कुमार, नगरपरिषद सचिव प्रशांत पाराशर, सुशासन सहयोगी दिनेश मल्लाह, तहसीलदार बंसीलाल, जिला वन अधिकारी दलीप सिंह, एसडीओ धर्मप्रकाश, बीडीपीओ सुभाष शर्मा, नायब तहसीलदार अचीन काल्टा, जिला शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी जलधीर ङ्क्षसह, बीडीपीओ नरेश छिकारा, बीडीपीओ रोशनलाल श्योराण, व एसडीओ संदीप ने यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम के बारे में पूछा।
इनकी हो चुकी घर वापसी
यशप्रीत, चोक्षक, संगीता, स्नेहा, अनुराधा, अनीता, किरन, दीपांशु, देवेंद्र सिंह, रीतिका, कुनाल सांगवान व दीपक सांगवान वापस आ चुके हैं। अभी 36 विद्यार्थियों के सकुशल लौटने का इंतजार किया जा रहा है।
सूचना देने के लिए अभिभावक 01250-222503 पर करें कॉल
नगराधीश नरेंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि बाकी के 36 विद्यार्थी भी जल्दी अपने घर लौट आएं। इसके लिए प्रदेश सरकार ने विदेश मंत्रालय से संपर्क बनाया हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी अभिभावक को कोई सूचना देनी है तो वह उपायुक्त कैंप कार्यालय के दूरभाष नंबर 01250-222503 पर फोन कर सकता है।
कीव और खारकीव से सुरक्षित निकले कई युवा
बुधवार को राहत भरी बात यह रही कि कीव और खारकीव में फंसे जिले के कई युवा वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। यूक्रेन में फंसे आदित्य की बहन अनुष्का ने बताया कि उसके भाई के साथ जिले के 10 से अधिक युवा है और बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वो पोलैंड बॉर्डर पहुंच गए हैं। वहीं, बिगोवा निवासी निधि के भाई निशांत ने बताया कि उसकी बहन हंगरी एयरपोर्ट तक सुरक्षित पहुंच गई है।