वाहनों की जांच करते हुए एसडीएम आशीष सांगवान।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम आशीष सांगवान के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसडीएम आशीष सांगवान ने बताया कि अभियान के तहत मालवाहक वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के वजन, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई।
जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल का परिवहन करते हुए पाए गए, जो मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क संरचना को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाते हैं।
ओवरलोडिंग के कारण वाहनों में तकनीकी खराबियां उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है, जिससे जनहानि की आशंका रहती है। एसडीएम सांगवान ने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित मानकों एवं नियमों का पालन करें तथा वाहनों में क्षमता से अधिक भार न भरें।
प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।