संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अब वार्ड और ग्राम स्तर पर समितियां नियमित बैठक करेंगी। इसके अलावा पुलिस विभाग नशा बेचने वालों पर निगरानी रखेगा और गांवों के मौजिज लोग नशा करने वालों की जानकारी देंगे।
बुधवार को आयोजित नाकोर्ड कमेटी की बैठक में जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नशा किसी भी भरे पूरे परिवार को खत्म कर सकता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। ऐसे में नाकोर्ड कमेटी की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
नशा किसी के लिए भी किसी भी रूप में और किसी भी स्तर पर सही नहीं है। हमारे युवा नशे के प्रति जल्दी आकर्षित हो जाते हैं। ऐसे में हम सभी को मिलकर युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगाने के वैकल्पिक की व्यवस्था करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रशासन और पुलिस संयुक्त कार्रवाई करे। नशा विरोधी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में नशा करने वालों और नशीले पदार्थ बेचने वालों की निगरानी सुनिश्चित करें। नशामुक्ति को लेकर ग्राम स्तर और वार्ड स्तर पर गठित कमेटी की नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।