संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कैंप कार्यालय में बुधवार को उपायुक्त मुनीश शर्मा ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी और सड़क सुरक्षा के तहत अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने स्कूल वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए। उपायुक्त ने कहा कि अनफिट वाहनों में अगर कोई स्कूल संचालक बच्चों को बैठाता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी स्कूलों के प्रत्येक वाहन में सरकार की ओर से निर्धारित नियम एवं कानूनों के अनुसार ही प्रत्येक व्यवस्था करवाई जाए। स्कूल के प्रत्येक वाहन में नियमों के अनुसार उपकरणों सहित अन्य प्रबंध होने चाहिए। जिले के स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला प्रशासन सहित संबंधित स्कूल की भी है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से नियम व कानून भी बनाए गए हैं। हर स्कूल को पालन करना जरूरी है।
नियमों के अनुसार ही सभी स्कूलों के सभी वाहनों में व्यवस्थाएं होनी चाहिए। प्रत्येक वाहन में सभी उपकरणों सहित अन्य प्रबंध भी हों। प्रशासन की ओर से जिले के स्कूलों के वाहनों की जांच करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसों के सुरक्षित आवागमन के लिए यह जरूरी है कि बस चालक यातायात नियमों का ठीक ढंग से पालन करें और बस की कंडीशन भी ठीक हो। बसों की नियमित जांच होनी चाहिए। सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की अवहेलना पर संबंधित स्कूल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।